जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने किया भीण्डर क्षेत्र का दौरा, विभिन्न जगहों का किया निरीक्षण
Bhinder@Vatanjaymedia
उदयपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को भीण्डर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय, बालिका जनजाति छात्रावास, जलदाय विभाग के फिल्टर प्लांट सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित कार्यों और जनसमस्याओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर के दौरे से प्रशासनिक अमले में दिनभर हलचल बनी रही। सबसे अधिक सख्त रुख उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग की बदहाल सड़कों को लेकर अपनाया। क्षेत्र में घटिया निर्माण और अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों ने गुणवत्ता से समझौता किया है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आमजन को खराब सड़कों की परेशानी से जल्द राहत मिलनी चाहिए।
ऑन द स्पॉट चैक करवाया पेयजल
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने उपखण्ड कार्यालय और तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर रिकॉर्ड व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और आमजन की सुनवाई व्यवस्था को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा आमजन को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके बाद उन्होंने भीण्डर स्थित बालिका जनजाति छात्रावास का निरीक्षण किया।
छात्रावास में भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जलदाय विभाग के फिल्टर प्लांट निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पेयजल व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए पानी की गुणवत्ता की ऑन द स्पॉट जांच करवाई।
उन्होंने अधिकारियों से जल शुद्धिकरण प्रक्रिया की जानकारी ली और निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। पानी की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
घटिया सड़कों पर दिखे सख्त
पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा और जनसुनवाई से जुड़े मुद्दे उठे। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से जिला कलक्टर को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
पीडब्ल्यूडी की घटिया सड़कों का लेकर जिला कलेक्टर सख्त दिखें और अधिकारियों को निर्देश दिये कि घटिया सड़क बनाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाओ और विभाग से ब्लैकलिस्ट करो। बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता दिखाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर के भीण्डर दौरे के दौरान भीण्डर उपखण्ड अधिकारी रमेश बहेड़िया, तहसीलदार मोहित आसिया, विकास अधिकारी विरेन्द्र व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्राम पंचायतों के प्रशासक उपस्थित थे।
ADVT

