भीण्डर से नाकोड़ा जी के लिए 111 पदयात्री हुए रवाना

भीण्डर से नाकोड़ा जी के लिए 111 पदयात्री हुए रवाना

नाकोड़ा भक्त मण्डल के तत्वावधान में 16वीं पदयात्रा का शुभारंभ

Bhinder@VatanjayMedia

आस्था, श्रद्धा और भक्ति के साथ भीण्डर से नाकोड़ा जी तीर्थ के लिए 111 पदयात्रियों का जत्था शनिवार को रवाना हुआ। नाकोड़ा भक्त मण्डल के तत्वावधान में आयोजित यह 16वीं पदयात्रा धार्मिक उल्लास और जयकारों के बीच साठड़ियां बाजार स्थित मंदिर से शोभायात्रा के रूप में प्रारंभ हुई।

पदयात्री जय नाकोड़ा भैरव, भैरव बाबा की जय के जयघोष करते हुए अनुशासन और भक्तिभाव के साथ आगे बढ़े। शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, ध्वज-पताकाएं और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया और सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। नाकोड़ा भक्त मण्डल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पदयात्रा लगभग 350 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसे पदयात्री 12 दिनों में पूर्ण करेंगे।

यात्रा के दौरान प्रतिदिन सामूहिक प्रार्थना, भजन-कीर्तन एवं संध्या आरती का आयोजन होगा। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि यह पदयात्रा उनके लिए आत्मशुद्धि, तप और भक्ति का माध्यम है, जिसमें हर कदम आस्था से जुड़ा हुआ है। नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजजनों एवं धर्मप्रेमियों ने पदयात्रा को नगर की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि इस प्रकार की यात्राएं नई पीढ़ी को संस्कार, अनुशासन और धर्म से जोड़ने का कार्य करती हैं। श्रद्धालुओं ने कामना की कि नाकोड़ा जी भैरव बाबा की कृपा से पदयात्रा निर्विघ्न संपन्न हो और सभी पदयात्री सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचें।

ADVT

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.