हर घर तिरंगा अभियान – बच्चों ने मानव श्रृंखला से उकेरा देश का मानचित्र

हर घर तिरंगा अभियान - बच्चों ने मानव श्रृंखला से उकेरा देश का मानचित्र

सैकड़ों बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर जगाई देशभक्ति की अलख

Bhinder@VatanjayMedia

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भीण्डर नगर में सोमवार को देशभक्ति से सराबोर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भैरव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से हुई, जहां सैकड़ों स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामकर मानव श्रृंखला बनाते हुए भारत का संपूर्ण मानचित्र उकेरा। बच्चों द्वारा बनाया गया यह जीवंत नक्शा देखकर उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम की लहर दौड़ गई।

तिरंगा यात्रा को मिला प्रशासनिक नेतृत्व

मानचित्र निर्माण के बाद तिरंगा यात्रा को भीण्डर उपखण्ड अधिकारी रमेश बहेड़िया, तहसीलदार सतीश पाटीदार, विकास अधिकारी विरेन्द्र व्यास, भैरव स्कूल प्रधानाचार्य हीरालाल कुमावत, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार चौबीसा, एसीबीईओ रमेश चन्द्र खटीक और पीएमश्री महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक कुमार जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा भैरव स्कूल से प्रारंभ होकर बाहर का शहर, मोचीवाड़ा, सर्राफा बाजार, रावलीपोल चौक, सदर बाजार, नृसिंह मंदिर, सूरजपोल चौराहे, धारता रोड, हॉस्पिटल रोड और रामपोल बस स्टैंड से होती हुई पुनः भैरव स्कूल में संपन्न हुई। यात्रा में शामिल सभी बच्चे हाथों में तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय, हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् के नारों से गुंजायमान करते रहे।

सभी आयु वर्ग में दिखा उत्साह

तिरंगा यात्रा में भीण्डर के सभी सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राएं, स्काउट कैडेट्स और द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नन्हें-मुन्नों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक में गजब का जोश देखने को मिला। नगरवासी भी इस उत्साह से प्रभावित होकर मार्ग में तिरंगे लहराते नजर आए। इस आयोजन से नगर में संदेश गया कि हर घर तिरंगा, हर दिल में तिरंगा और राष्ट्र के प्रति प्रेम व एकजुटता की भावना बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर दिल में बसती है।

अतिथि व गणमान्य रहें उपस्थित

इस अवसर पर राउमावि सूरजपोल के प्रधानाचार्य कैलाश चन्द्र शर्मा, राउमावि गिरिवलपोल के प्रधानाचार्य गौतम गुप्ता, व्याख्याता मानाराम जाट, भूपेंद्र प्रसाद उपाध्याय, सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक हीरा लाल सुथार, नरेन्द्र कुमार चौबीसा, राजेन्द्र सिंह शक्तावत, पंकज पण्डिया, द्रोणाचार्य कॉलेज को-ऑर्डिनेटर चक्रवीरसिंह शक्तावत, व्याख्याता दिनेश प्रकाश शर्मा आदि गणमान्य उपस्थित रहे।

ADVT

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.