पिछले बोर्ड में बंद रहे काम शुरू करवाने कांग्रेस पालिकाध्यक्ष के पास पहुंचे भाजपा पार्षद, 16 मांगों का सौंपा ज्ञापन
पांच साल सत्ता में रहने के बाद अब विपक्ष में भाजपा की गुहार, जिन कामों की जिम्मेदारी थी, उन्हीं को लेकर कांग्रेस बोर्ड से उम्मीद
Bhinder@Vatanjaymedia
भीण्डर नगर पालिका की सत्ता बदलते ही शहर की राजनीति का रंग भी बदल गया है। पिछले भाजपा समर्थित बोर्ड में लंबे समय से बंद पड़े कामों को शुरू करवाने की मांग लेकर अब भाजपा पार्षद कांग्रेस के नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष सुंदरलाल लिखमावत के पास पहुंचे। भाजपा पार्षदों ने 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न विकास कार्य शुरू करवाने की मांग की।
दिलचस्प बात यह है कि ज्ञापन में दशहरा पर रावण दहन की परंपरा शुरू करवाने और नगर में बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे दोबारा चालू करवाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। यानी जिन मुद्दों पर भाजपा अब कांग्रेस बोर्ड से काम करवाने की उम्मीद जता रही है, उन्हीं मुद्दों पर उसके समर्थित बोर्ड के कार्यकाल को लेकर अब सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
सत्ता में पांच साल, अब विपक्ष में आते ही याद आया रावण दहन
भीण्डर में दशहरा पर रावण दहन की परंपरा वर्ष 2015 में जनता सेना बोर्ड के दौरान शुरू हुई थी। वर्ष 2019 में अंतिम बार नगर पालिका स्तर पर रावण दहन हुआ। इसके बाद 2020 में प्रशासक काल रहा और फरवरी 2021 में फिर जनता सेना का बोर्ड बना, जो बाद में भाजपा समर्थित बोर्ड के रूप में चला। लेकिन 2021 से लेकर बोर्ड के कार्यकाल के अंत तक रावण दहन की परंपरा दोबारा शुरू नहीं हो सकी।
अब सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा पार्षदों ने इसी परंपरा को पुनः शुरू करवाने की मांग कांग्रेस बोर्ड के सामने रखी है। शहर में अब सवाल यह उठना स्वाभाविक है कि जब बोर्ड में जिम्मेदारी थी, तब रावण दहन क्यों नहीं हुआ और अब विपक्ष में आते ही इसकी चिंता क्यों सताने लगी?
2021 से बंद सीसीटीवी कैमरे, अब कांग्रेस से चालू करवाने की उम्मीद
इसी तरह भीण्डर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए वर्ष 2017 में प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। वर्ष 2021 के बाद कैमरे बंद हो गए और उन्हें दोबारा शुरू करवाने को लेकर प्रभावी पहल नहीं हो सकी।
अब भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष को दिए ज्ञापन में बंद सीसीटीवी कैमरों को पुनः शुरू करवाने की मांग रखी है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है कि पांच साल तक बोर्ड का हिस्सा रहने के दौरान कैमरे चालू करवाने की जिम्मेदारी किसकी थी और अब वही मांग विपक्ष में बैठकर कांग्रेस बोर्ड के सामने क्यों रखी जा रही है?
16 मांगें रखीं, सड़कों से लेकर पनघट तक की याद आई
भाजपा पार्षदों ने ज्ञापन में विभिन्न विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू करवाने, हींता दरवाजा से रावलीपोल तक सड़क निर्माण, मठ की गली में पेयजल के लिए पनघट दुरुस्त करवाने, वार्ड 18 लंबीगली में नालियों का निर्माण, आमेटा कॉलोनी से गुजर रही 33 केवी लाइन हटाने, सहित कई मांगें रखीं।
इसके अलावा गलियों में गतिअवरोधक लगाने, रास्तों पर खड़े रहने वाले हाथठेला व्यापारियों को हटाने, लावारिस पशुओं के लिए गोशाला की व्यवस्था करने, महाराणा प्रताप बस स्टैंड शुरू करने, बंद पड़े पनघट चालू करवाने, तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करवाने और नियमित साफ-सफाई की मांग भी की गई।
पहले पाग-उपरना, फिर ज्ञापन, राजनीति का नया समीकरण
ज्ञापन से पहले कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच शिष्टाचार मुलाकात भी हुई। भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष सुंदरलाल लिखमावत और उपाध्यक्ष शोयब बोहरा का मेवाड़ी पाग व उपरना पहनाकर अभिनंदन किया। कांग्रेस पार्षदों का भी उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
इसके बाद भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। नगर पालिका में अब कांग्रेस का बोर्ड है और भाजपा विपक्ष की भूमिका में है। ऐसे में कल तक सत्ता के गलियारों में बैठने वाले पार्षदों का आज उन्हीं कामों के लिए नए बोर्ड के सामने गुहार लगाना शहर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
भीण्डर नगर पालिका अध्यक्ष सुंदरलाल लिखमावत को ज्ञापन देने के दौरान भाजपा पार्षद जितेन्द्र साहु, चमनलाल सोनी, पुष्कर साहु, ज्योति सोनी, इंदुबाला चौबीसा, मीना सामरिया, अंजना जैन, मगनीराम रेगर, जगदीश कीर, नंदलाल अहीर आदि उपस्थित थे।
वहीं इससे पहले कांग्रेस व भाजपा पार्षदों की शिष्टाचार मुलाकात हुई, जिसमें भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष सुंदरलाल लिखमावत व उपाध्यक्ष शोयब बोहरा का मेवाड़ी पाग व उपरना ओढ़ाकर अभिंनदन किया।
वहीं कांग्रेस पार्षदों का भी उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस पार्षद यशवंत सोमानी, इलियास खान, गोपाल चौबीसा, केशुलाल रेगर, किरण खटीक, रहमत बानु, सैयद हुसैन आदि उपस्थित थे।

